बहन से दोस्ती का बना रहा था दबाव, नाबालिग भाई ने उठाया कदम
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में नाबालिग ने बहन से दोस्ती का दबाव बनाने पर युवक को गोली मार दी। पेट में गोली लगने के बाद पीड़ित अंकित (19) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर 16 वर्षीय किशोर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल तमंचे भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान किशोर ने बताया कि उसने तमंचा लोनी से अपने जानकार के जरिये खरीदा था। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक अंकित परिवार के साथ नंद नगरी में रहता है। इसके परिवार में पिता दिलीप, मां कविता, एक भाई विनय व एक छोटी बहन है। अंकित एक मॉल में नौकरी करता है। मंगलवार रात खाना खाने के बाद अंकित घर के पास पार्क में टहलने चला गया।
इस बीच एक नाबालिग लड़के ने अंकित के पेट में गोली मार दी और फरार हो गया। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय का नाम बताया। पुलिस ने देर रात को आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी किशोर ने बताया कि पिछले काफी समय से अंकित उसकी बहन को दोस्ती के लिए दबाव बना रहा था। मना करने पर वह उसे देख लेने की धमकी दे रहा था।
यह बात जब आरोपी किशोर को पता चली तो उसने अंकित को खत्म करने की योजना बना ली। आरोपी ने कुछ रुपयों का इंतजाम कर अपने एक जानकार के जरिये लोनी से तमंचा खरीदा। मंगलवार रात को अंकित को खत्म करने की योजना बनाई गई।
आरोपी युवक के घर के पास आकर खड़ा हो गया। देर रात को जैसे ही अंकित खाना खाकर पार्क में गया, वहां उसने अंकित को गोली मारी और फरार हो गया। किशोर से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

Comments
Post a Comment