ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे बुमराह, BCCI ने दिया आराम
जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में सबसे ज्यादा 21 विकेट लिए हैं।
* ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने लिया फैसला
* तेज गेंदबाज की जगह मोहम्मद सिराज टीम में शामिल किए गए
* न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए सिद्धार्थ कौल भी टीम इंडिया में शामिल
मुंबई. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम देने का फैसला किया है। उनकी जगह मोहम्मद सिराज लेंगे। भारत को 12 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज खेलनी है। वहीं, उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे की सीरीज खेलनी है, जो 23 जनवरी से तीन फरवरी तक चलेगी।
बुमराह पर बोझ ज्यादा : बीसीसीआई
बीसीसीआई के कार्यकारी महासचिव अमिताभ चौधरी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के ऊपर ज्यादा बोझ पड़ रहा है, इस पर विचार करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले उन्हें पर्याप्त आराम देने का फैसला किया गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज अगले महीने
बयान के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज टीम का हिस्सा होंगे। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की टी-20 सीरीज के लिए सिद्धार्थ कौल को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज छह से 10 फरवरी तक चलेगी।
भारत दौरे में पांच वनडे और दो टी-20 खेलेगी ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा 24 फरवरी से शुरू होकर 13 मार्च तक चलेगा। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच वनडे और दो टी-20 मैचों की सीरीज होगी। वनडे सीरीज का पांचवां मुकाबला आठ मार्च को रांची में खेला जाएगा। टी-20 सीरीज का पहला मैच 10 और दूसरा 13 मार्च को होगा।

Comments
Post a Comment