24 घंटे के लिए Delhi में ट्रकों के प्रवेश पर रोक, EPCA ने जारी किए निर्देश
दिल्ली-एनसीआर में गंभीर स्तर का प्रदूषण बरकरार है। वहीं, पार्टिकुलेट मैटर 2.5 और 10 अपने सामान्य मानकों से आपात स्तर पर ही बने हुए हैं। दिल्ली एनसीआर में आपात प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) ने शुक्रवार की रात 11 बजे से शनिवार की रात 11 बजे तक दिल्ली में ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, जरूरी रसद और खाद्य सामग्री वाले वाहनों पर प्रतिबंध नहीं होगा।
ईपीसीए ने कहा है कि सभी एनसीआर राज्य इस आदेश के पालन में अपना सहयोग दें। वहीं आम लोगों से निजी वाहन छोड़कर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। सीपीसीबी की टास्क फोर्स ने बृहस्पतिवार की शाम ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी। इसके बाद ईपीसीए ने देर रात यह निर्णय लिया। इस संबंध में दिल्ली के मुख्य सचिव को चिट्ठी भी भेज दी गई है।
गौरतलब है कि टास्क फोर्स ने अपनी 44वीं बैठक में कहा है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का स्तर अपने सामान्य मानक 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से पांच गुना ज्यादा 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से थोड़ा अधिक है लेकिन खतरनाक पीएम 2.5 का स्तर अपने सामान्य मानक से करीब छह गुना ज्यादा (350 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) पहुंच गया है। इसलिए यह जरूरी है कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण लगाया जाए।
बारिश की उम्मीद, सुधर सकती है हवा
टास्क फोर्स की बैठक में मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ज्यादा होने की उम्मीद है इससे प्रदूषण कण बिखर सकते हैं। वहीं, 5और 6 दिसंबर की रात में बारिश की संभावना है ऐसे में प्रदूषण की यह गंभीर स्थिति भी सुधर सकती है। टास्क फोर्स ने खुले में कूड़ा-कचरा जला, जाने, ट्रैफिक जाम पर नियंत्रण, औद्योगिक प्रदूषण आदि पर नियंत्रण को लेकर सख्ती बरतने को कहा है।
ऐसे वातावरण में करें अपना बचाव
दिल्ली-एनसीआर की हवा में नए वर्ष के तीसरे दिन भी गंभीर प्रदूषण रहा। वहीं, ठंड भी बनी हुई है। ऐसे में जरूरी है कि सुबह और शाम के वक्त वॉक करने से बचें साथ ही एन-95 गुणवत्ता वाला मास्क पहनें।
शहरों का एक्यूआई, गाजियाबाद सर्वाधिक प्रदूषित
शहर एक्यूआई
03जनवरी 02 जनवरी
दिल्ली 444 430
फरीदाबाद 411 411
गाजियाबाद 458 455
ग्रेटर नोएडा 433 438
गुरुग्राम 370 458
नोएडा 447 408
नोट - आंकड़े का स्रोत: सीपीसीबी, 301 से 400 का एक्यूआई बहुत खराब और 401 से 500 का एक्यूआई गंभीर प्रदूषण को प्रदर्शित करता है।

Comments
Post a Comment