जम्मू अनारा गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज, 17.20 लाख ठगने का आरोप
पूर्व मिस जम्मू और मॉडल अनारा गुप्ता पर फिल्मों में निवेश के नाम पर 17.20 लाख रुपये ठगने के आरोप में विभूतिखंड थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक डीके उपाध्याय का कहना है कि अयोध्या निवासी अनिल कुमार मिश्रा, अमित कुमार मिश्रा, उनकी पत्नी पूनम,अखिलेंद्र कुमार दुबे, कृष्ण कुमार दुबे व संतोष कुमार की तरफ से केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अयोध्या के मिल्कीपुर बसवार कला के रौना गांव निवासी अनिल कुमार मिश्रा ने वर्ष 2017 में साइबर हाइट्स लेवाना स्थित पूर्व मिस जम्मू की कंपनी एम्परर मीडिया एंड प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में संपर्क किया था।
वहां अनारा गुप्ता व कंपनी के सीईओ शत्रुघन टी सिंह, निदेशक नरेश कुमार और प्रदीप कुमार ने उन्हें फिल्मों में रुपये निवेश करने पर 11 महीने में धनराशि दोगुनी होने का झांसा दिया। अमित का कहना है कि वह ठग कंपनी के निदेशकों की बातों में आ गए और चेक के जरिए तीन नवंबर 2017 को इलाहाबाद बैंक की इनायतनगर शाखा के चेक के जरिए दो लाख रुपये इम्परर मीडिया के नाम दे दिए।
उनके कहने पर रिश्तेदार अमित मिश्रा व उनकी पत्नी पूनम मिश्रा ने भी एक बार 90,000 व दूसरी बार नौ लाख रुपये कंपनी के खाते में आरटीजीएस किए। अमित ने 52,000 रुपये नकद भी दिए थे। इसके अलावा उन्होंने अपने परिचित कृष्ण कुमार यादव से 1,52,000 रुपये, संतोष कुमार के दो लाख रुपये व अखिलेंद्र कुमार के 1,26,000 रुपये कंपनी को दिलाए। यह रकम कुल 1,72,0000 रुपये है।
पीड़ित अनिल का कहना है कि अनारा गुप्ता व कंपनी के अन्य निदेशकों ने चार जून 2017 को ऑफिस बुलाकर मीटिंग की और बताया कि उनका रुपया मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में फिल्म बनाने में लगाया जाएगा। फिल्म से जो कमाई होगी, उसका भी लाभांश निवेशकों को दिया जाएगा। पीड़ित का कहना है कि अनारा ने जगह-जगह भव्य कार्यक्रम करके भी लोगों को निवेश के लिए राजी किया था।
मुंबई में हुआ था कंपनी का रजिस्ट्रेशन
कंपनी का रजिस्ट्रेशन मुंबई के कांदिवली निवासी शत्रुघन तहसीलदार सिंह ने फरवरी 2013 में कराया था। मार्च 2017 में कंपनी ने विभूतिखंड के साइबर हाइट्स के तृतीय तल पर हेड ऑफिस बनाकर ठगी का धंधा शुरू किया। शत्रुघन ने भोजपुरी अभिनेत्री अर्पिता माली से संपर्क कर 50प्रतिशत की हिस्सेदारी पर निदेशक बनाने का ऑफर दिया। अर्पिता कंपनी की निदेशक बन गईं।
कंपनी ने उनके हस्ताक्षर से ही विभूतिखंड स्थित इंडसइंड व एक्सिस बैंक, इंदिरानगर की बैंक ऑफ इंडिया और एसबीआई की गोमतीनगर वसुंधरा शाखा में अकाउंट खुलवाए। अकाउंट खुलने के कुछ दिन बाद से ही लाखों रुपये उसमें जमा होने लगे। इस बीच शत्रुघन ने पूर्व मिस जम्मू अनारा गुप्ता और पानीपत के नरेश कुमार को भी कंपनी से जोड़ लिया और उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, गुजरात और हरियाणा में अपनी 30 से अधिक शाखाएं खोल लीं।
निदेशकों में विवाद के बाद भाग गई थी कंपनी
कंपनी के सीईओ शत्रुघन ने कुछ महीने बाद ही अर्पिता माली को निदेशक के पद से हटा दिया। अर्पिता ने भी कंपनी के निदेशकों पर पांजी स्कीम चलाने की सेबी व विभूतिखंड पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। निदेशकों के बीच आपस में भी कई विवाद सामने आए। नवंबर 2017 में कंपनी अपना ऑफिस बंद करके भाग गई।
अनारा पर पहले भी दर्ज है लखनऊ में केस
अनारा गुप्ता के खिलाफ विभूतिखंड थाना में पहले भी एक केस दर्ज है। यह केस 30 नवंबर 2017 को फैजाबाद के अखंड सिंह ने दर्ज कराया था। उन्होंने अनारा के अलावा सीईओ शत्रुघन टी सिंह, सीएमडी नरेश कुमार व सेल्स अफसर प्रदीप कुमार को नामजद किया था। हालांकि, इस केस के दर्ज होने से पहले ही इलाहाबाद पुलिस ने कंपनी के सीईओ शत्रुघन टी सिंह को गिरफ्तार कर इम्परर कंपनी का साइबर हाइट्स स्थित ऑफिस सील कर दिया था। पुलिस ने अनारा को पूछताछ के लिए वारंट भेजने की बात कही थी। पुलिस ने कंपनी के ऑफिस से लैपटॉप व कंप्यूटर जब्त किए थे, लेकिन इनकी भी जांच आगे नहीं बढ़ सकी।

Comments
Post a Comment