फुटबॉल World कप/ 2022 में 32 की जगह 48 टीमों को मिल सकता है मौका, कतर में होना है टूर्नामेंट
फीफा अध्यक्ष गियानी इनफेनटिनो ने कहा - कई देश इसके लिए तैयार हैं, अगले साल मार्च में फैसला होगा
कतर में बहुत ज्यादा गर्मी होने के कारण 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2022 तक खेले जाएंगे मुकाबले
दोहा. साल 2022 में कतर में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप में 32 की जगह 48 टीमें उतर सकती हैं। फीफा इसे लेकर कई देशों से बात कर रहा है। कई देश और फेडरेशन इसके लिए तैयार भी हैं। हालांकि, इस पर आखिरी फैसला अगले साल मार्च में लिया जाएगा। पिछले साल टूर्नामेंट में 32 की जगह 48 टीमों को शामिल करने का फैसला लिया गया था। इसे 2026 से लागू होना है।
क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में भी 60 अन्य देशों के हिस्सा लेने की संभावना
दोहा पहुंचे फुटबॉल की शीर्ष संस्था फीफा के अध्यक्ष गियानी इनफेनटिनो ने कहा कि 48 टीमों को 2022 में ही होने वाले टूर्नामेंट में मौका दिया जा सकता है। उन्होंने कहा, इस बारे में फीफा सदस्यों और विभिन्न फेडरेशन से उनका ओपिनियन मांगा गया है। अधिकतर देश इसके लिए तैयार भी हैं। इससे केवल 16 अन्य टीमों को ही वर्ल्ड कप खेलना का मौका नहीं मिलेगा बल्कि 50 से 60 अन्य देश क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में भी उतर सकेंगे। लेकिन इसे लागू करना मुमकिन है या नहीं इस पर विचार किया जा रहा है।’
मार्च 2019 में होगा आखिरी फैसला
गियानी ने कहा कि इस पर आखिरी फैसला अगले साल मार्च में होने वाली बैठक में लिया जाएगा। अगर कतर अधिक मैच कराने के लिए तैयार नहीं होता है तो इसे दूसरे देशों में भी कराया जा सकता है। कतर और सऊदी अरब के विवाद पर गियानी ने कहा कि वे इस बारे में अधिक नहीं जानते हैं। हम खेल से जुड़े हुए हैं। हमारा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। फुटबॉल वर्ल्ड कप खेलना कई देशों का सपना होता है।
एक दिन में हो सकते हैं चार मुकाबले
2022 वर्ल्ड कप के मुकाबले 21 नवंबर से 18 दिसंबर तक दोहा में होने हैं। वर्ल्ड कप के मुकाबले जून और जुलाई के बीच होते रहे हैं। लेकिन कतर में गर्मी को देखते हुए इसे नवंबर-दिसंबर में कराया जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में एक दिन में चार मैच कराने की भी तैयारी की जा रही है। 2018 में रूस में हुए वर्ल्ड कप में फ्रांस की टीम चैम्पियन बनी है। कतर में टूर्नामेंट के आयोजन के लिए आठ स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। इस पर करीब 72 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे।

Comments
Post a Comment