नोएडा- IT कंपनी जेनपैक्ट के अफसर ने खुदकुशी की, यौन उत्पीड़न के आरोप में हुए थे सस्पेंड
स्वरूप राज पर दो महिला सहकर्मियों ने आरोप लगाए थे, कंपनी जांच कर रही थी
सुसाइड नोट में स्वरूप ने लिखा- आरोप गलत, निर्दोष साबित हुआ तो भी लोग शक की निगाह से देखेंगे
नोएडा. आईटी कंपनी जेनपैक्ट के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (एवीपी) स्वरूप राज (35) ने मंगलवार को खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक स्वरूप को यौन शोषण के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया था। कंपनी के स्मातर पर मामले की जांच की जा रही थी। स्वरूप पर दो महिला सहकर्मियों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।
स्वरूप ने सुसाइड नोट में लिखा कि मेरे ऊपर लगे आरोप झूठे हैं। कंपनी प्रबंधन ने मेरा साथ नहीं दिया। निर्दोष साबित हुआ तो भी लोग शक की निगाह से देखेंगे। मैं इसे सहन नहीं कर पाऊंगा।
3 महीने पहले ही प्रमोशन हुआ था
लिंक्ड-इन प्रोफाइल के मुताबिक स्वरूप ने 2007 में प्रोसेस डेवलपर के पद पर जेनपैक्ट में नौकरी की शुरुआत की थी। इस साल सितंबर में ही वो असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट बने थे।
गुरुग्राम निवासी स्वरूप राज नोएडा के सेक्टर-137 में पैरामाउंट फ्लोर विले सोसाइटी में रहते थे। दो साल पहले उनकी शादी हुई थी। स्वरूप की पत्नी भी निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। मंगलवार रात 11.30 बजे जब वो घर पहुंचीं तो पति को पंखे से लटका पाया।

Comments
Post a Comment