CM अरविंद केजरीवाल पर मिर्ची अटैक करने वाले ने खोला बड़ा राज, बताया किसने कराया हमला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मिर्ची फेंकने के मामले में एक नया खुलासा हुआ है जो खुद आरोपी अनिल कुमार शर्मा ने किया है। आरोपी ने बताया है कि किसने उसे मिर्ची पाउडर फेंकने के लिए कहा था।
अनिल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उसे मिर्ची फेंकने के लिए आप नेताओं ने ही कहा था। यह उनका पब्लिसिटी स्टंट था। इसके लिए उसे बकायदा सीएम आवास पर बुलाया गया था और उससे ये सब करने को कहा गया था। एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे सचिवालय में घुसने में मदद की थी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करने व मिर्च पाउडर फेंकने वाले अनिल की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। अनिल ने अदालत में जो बयान दिया है उसमें उसने आप नेताओं को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है।
तीस हजारी अदालत के महानगर दंडाधिकारी अभिलाष मल्होत्रा के समक्ष आरोपी ने बयान में कहा कि उससे आप नेताओं ने मिर्च पाउडर फेंकवाया था। कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी मदद की थी। अदालत ने आरोपी की न्यायिक हिरासत 19 दिसंबर तक बढ़ा दी है। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी को 20 नवंबर को सचिवालय में मुख्यंत्री पर मिर्च पाउडर डालने की कोशिश के बाद गिरफ्तार किया था। अनिल कोई शिकायत लेकर मुख्यमंत्री से मिलने गया था और वहां उन पर मिर्च पाउडर फेंका।
अनिल को जब पुलिस ने पकड़ा था तभी उसने पुलिस को चैलेंज करते हुए बड़ी बात कही थी। गौरतलब है कि दिल्ली सचिवालय पहुंचकर हमलावर ने सीएम के पैर छुए और फिर चश्मे पर हाथ मारा। इससे उनका चश्मा भी टूट गया। अचानक हुई इस घटना में मुख्यमंत्री के निजी स्टाफ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में शिकायत तो दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया।
हमलावर ने सीएम को धमकी दी थी कि इस घटना के बाद वह जेल तो जाएगा, लेकिन लौटकर गोली मार देगा। खैनी की पुड़िया में भर कर लाए मिर्च पाउडर को पुलिस ने बरामद किया था। बताया जाता है कि आरोपी ने मां की बीमारी के नाम पर सचिवालय के अंदर जाने का पास बनवाया था।

Comments
Post a Comment