ऑस्ट्रेलिया / कोच लैंगर ने कहा- हमने विराट कोहली की तरह जश्न मनाया तो दुनिया में सबसे बदतर कहे जाएंगे
* लैंगर ने कहा कि कोहली क्रिकेट के सुपरस्टार हैं, उनके जैसा जुनून देखना सुखद अनुभव
* एक दिन पहले ही तेंडुलकर ने कहा था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को कभी इतना डिफेंसिव खेलते नहीं देखा
एडिलेड. ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर का कहना है कि अगर उनके खिलाड़ियों ने विकेट गिरने पर भारतीय कप्तान विराट कोहली की तरह जश्न मनाना शुरू किया तो उन्हें दुनिया में सबसे बदतर क्रिकेटर्स की तरह देखा जाएगा। दरअसल, एक दिन पहले ही सचिन तेंडुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के धीमी गति से खेलने पर एक ट्वीट किया था। इसमें सचिन ने कहा था कि उन्होंने पहले कभी ऑस्ट्रेलिया को इतनी रक्षात्मक मानसिकता(डिफेंसिव माइंडसेट) के साथ खेलते नहीं देखा। लैंगर ने सचिन के इस बयान पर भी नाराजगी जताई।
कोहली की तारीफों के बांधे पुल
जस्टिन लैंगर ने विराट कोहली की आक्रामकता की तारीफ करते हुए कहा- वे (कोहली) इस खेल के सुपरस्टार और एक कैप्टन हैं। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम में यह बात बहुत पहले से कही जाती रही है कि आपको अपने प्रतिद्वंदी कप्तान का उत्साह हमेशा नीचे रखना होगा। लेकिन कोहली का जुनून देखकर आपको मजा आता है।”
बॉल टेम्परिंग विवाद के बाद विवादों में ऑस्ट्रेलिया की छवि
लैंगर ने कहा कि अगर हमारे खिलाड़ी कोहली की तरह जश्न मनाते हैं तो इस वक्त उन्हें दुनिया के सबसे खराब खिलाड़ी कहा जाएगा। यह एक बहुत महीन रेखा है। लैंगर ने इशारों में ही साफ किया कि बॉल टेम्परिंग मामले के बाद से ऑस्ट्रेलिया एक अलग स्तर की समीक्षा के दायरे में खेल रही है।
क्या था सचिन
का ट्वीट?
सचिन ने शुक्रवार को ट्वीट में कहा था कि घर में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की रक्षात्मक मानसिकता मैंने पहले कभी अनुभव नहीं की। टीम इंडिया को इस मौके का भरपूर फायदा उठाना चाहिए। रविचंद्रन अश्विन अभी तक काफी प्रभावी साबित हुए हैं और उन्होंने भारत को आगे रखने में काफी मदद की है।
इस पर लैंगर ने कहा कि जिस टीम के खिलाफ सचिन ने खेला, उसमें एलन बॉर्डर, डेविड बूनए स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग जैसे खिलाड़ी थे। वे खिलाड़ी जिनके पास टेस्ट का काफी अनुभव था और जो अपना खेल जानते थे। जबकि हमारे पास इस वक्त टेस्ट में एक अनुभवहीन टीम है। खासकर बैटिंग में।

Comments
Post a Comment