बहन को लड़के से बात करता देख भाई हुआ आगबबूला, जानकर कांप जाएगी रूह
बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कोचिंग में पढ़ने वाली छात्रा के अपने सहपाठी छात्र से महज बात करने पर लड़की के भाई ने उसका गला काट दिया। छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना पूसा थाने के श्रीरामपुर गांव की है।
दरअसल, मोहनपुर नक्कुस्थान वार्ड-1 के सत्यनारायण शर्मा की बेटी अनुराधा कुमारी काशीपुर स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ती है। उसने पुलिस को बताया कि एक हफ्ते पहले वह कोचिंग में ही अपने साथ पढ़ने वाले एक छात्र से पढ़ाई को लेकर कुछ बात कर रही थी। इसी बीच उसका भाई छोटू वहां आ गया।
छात्रा ने बताया कि छोटू ने कोचिंग में तो उससे कुछ नहीं कहा, लेकिन घर जाकर उसने उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई। इससे आहत होकर वो अपनी बड़ी बहन के घर वैनी थाने के चंदौली गांव चली गई, लेकिन उसका भाई अपने एक दोस्त के साथ वहां भी आ गया और उससे घर चलने की जिद करने लगा। पहले तो उसने जाने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में जिद करने पर वह चलने को तैयार हो गई।
पुलिस को दिए अपने बयान में छात्रा ने आगे बताया कि उसका भाई छोटू, दोस्त चंदन कुमार और वो तीनों पल्सर बाइक से घर के लिए वहां से निकल गए। लेकिन जैसे ही वो श्रीरामपुर के पास पहुंचे, छोटू ने बाइक को एक सुनसान बगीचे में घुसा दिया और छोटू और उसके दोस्त चंदन कुमार ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वो बुरी तरह घायल हो गई।
हालांकि छात्रा के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग वहां आ पहुंचे। ये देखते ही छोटू अपने दोस्त के साथ वहां से भाग गया। वहीं, लोगों ने लड़की की हालत देखकर पुलिस को फोन किया, जिसके बाद खून से लथपथ लड़की को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूसा पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments
Post a Comment