राजस्थान- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने और सचिन पायलट ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने सोमवार को जयपुर में अशोक गहलोत और सचिन पायलट को शपथ दिलाई।
गहलोत ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, समारोह में राहुल गांधी और मनमोहन सिंह मौजूद रहे
मध्यप्रदेश में कमलनाथ दोपहर 1:30 बजे शपथ लेंगे
छत्तीसगढ़ में शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे होगा
भोपाल/जयपुर/रायपुर. कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सोमवार को राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल कल्याण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। इसी के साथ वह राज्य के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ सचिन पायलट ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सचिन शपथ के दौरान लाल पगड़ी बांधे हुए थे। इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मौजूद रहे। भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शपथ समारोह में शामिल हुईं।
67 साल की उम्र में तीसरी बार मुख्यमंत्री बने गहलोत : अशोक गहलोत इससे पहले 1998 में मुख्यमंत्री बने थे। तब उनकी उम्र 47 थी। फिर इसके बाद 2008 में सत्ता की कमान मिली। तब वे 57 साल के थे।
कौन-कौन पहुंचा
कांग्रेस : नवजोत सिंह सिद्धू, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कुमारी शैलजा, मल्लिकार्जुन खड़गे और जतिन प्रसाद।
एनसीपी : शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल।
तेदेपा : चंद्रबाबू नायडू।
जेडीएस: एचडी देवेगौड़ा और एचडी कुमार स्वामी।
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा: जीतन राम मांझी।
नेशनल कॉन्फ्रेंस: फारुक अब्दुल्ला।
झामुमो : हेमंत सोरेन।
आरजेडी: तेजस्वी यादव।
लोजद : शरद यादव।
डीएमके : स्टालिन और कनिमोझी और टीआर बालू।
सोनिया, ममता नहीं पहुंचीं : टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और सोनिया गांधी को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे निजी वजहों से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो पाए।अखिलेश ने ट्वीट करके बताया कि उनके प्रतिनिधि के तौर पर विधायक राजेश कुमार पहुंचे।
मध्यप्रदेश: 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे कमलनाथ
कमलनाथ मध्यप्रदेश के 18 वें मुख्यमंत्री के तौर पर दोपहर 1.30 बजे भोपाल में बीएचईएल के जंबूरी मैदान में शपथ लेंगे। पहले यह कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में होना था। मध्यप्रदेश में कांग्रेस 114 सीटों पर जीती। उसे बसपा के दो, सपा के एक और चार निर्दलीय विधायकों ने समर्थन दिया है। कमलनाथ के साथ आरिफ अकील, सज्जन सिंह वर्मा, तुलसी सिलावट, गोविंद राजपूत, हुकुम सिंह कराड़ा, विजय लक्ष्मी साधौ, बिसाहूलाल सिंह, डॉ. प्रभुराम चौधरी, जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, लक्ष्मण सिंह/ जयवर्द्धन सिंह, हिना कांवरे, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत और निर्दलीय प्रदीप जायसवाल भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। डॉ. गोविंद सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाने की चर्चा है।
छत्तीसगढ़: तीसरे मुख्यमंत्री होंगे बघेल
भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्यमंत्री के तौर पर सोमवार को रायपुर के साइंस कॉलेज में शाम 4.30 बजे शपथ लेंगे। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि सोमवार को बघेल अकेले शपथ लेंगे। मंत्रियों पर फैसला बाद में होगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटें जीती हैं।

Comments
Post a Comment