द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर / BJP ने ट्विटर पर पोस्ट किया, मीडिया के सवाल पर मौन रहे मनमोहन
फिल्म में मनमोहन सिंह (दाएं) का किरदार अनुपम खैर (बाएं) ने निभाया है।
* महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने नोटिस जारी किया, कहा-रिलीज से पहले हमें दिखाएं फिल्म
* ट्रेलर से साफ है कि इस फिल्म में कांग्रेस के अंदर का टकराव बताया गया
* 21 दिसंबर को होनी थी रिलीज, ‘जीरो’ की वजह तारीख 19 जनवरी की गई
नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राजनीतिक जीवन पर बनी फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को लेकर विवाद शुरू हो गया है। गुरुवार रात भाजपा के ट्विटर हैंडल से इसका पोस्ट किया गया। शुक्रवार को इस पर मीडिया ने मनमोहन से सवाल किया तो वे बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए।
फिल्मकारों को भेजा नोटिस
1. महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने इस फिल्म के निर्माताओं को नोटिस भेजा है। संगठन के पदाधिकारियों ने रिलीज से पहले फिल्म उन्हें दिखाने की मांग की है। यह फिल्म पत्रकार संजय बारू की किताब ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ पर आधारित है। बारू 10 साल तक यूपी, सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार रहे थे।
2. उधर, कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया ने मीडिया से कहा “यह भाजपा का खेल है। उन्हें पता है कि (सरकार के) पांच साल पूरे हो गए और उसके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है,ऐसे में वे ध्यान भटकाने के लिए यह हथिकंडे अपना रहे हैं।“
3. यह फिल्म लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आ रही है, ऐसे में इसकी काफी चर्चा है। ट्रेलर से पता चलता है कि फिल्म में कांग्रेस के अंदर की उठा-पटक को दिखाया गया है। इसमें यूपी, अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके परिवार पर निशाना साधा गया है।
अनुपम बने हैं मनमोहन
4. फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार अनुपम खेर ने और सोनिया गांधी का किरदार जर्मन एक्ट्रेस सुजैन बर्नेट ने निभाया है। राहुल गांधी की भूमिका में अर्जुन माथुर नजर आएंगे।
अनुपम खेर ने कहा- जितना विरोध होगा, उतना प्रचार होगा
5. फिल्म पर लोगों की आपत्ति को लेकर अनुपम खेर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा,“जितना वे विरोध करेंगे, वे फिल्म को उतना ही प्रचारित करेंगे। इस विषय पर किताब 2014 में ही आ गई थी तब से कोई विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया।
6. जितना वे विरोध करेंगे, वे फिल्म को उतना ही प्रचारित करेंगे। पुस्तक 2014 से बाहर है, तब से कोई विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया था, इसलिए फिल्म उसी पर आधारित है। जलियांवाला बाग या होलोकास्ट (द्वितीय विश्वयुद्ध के वक्त जर्मनी में हुआ नरसंहार) पर फिल्म बनाई जाए तो उसमें तथ्यों को नहीं बदला जा सकता।“
7. महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस की आपत्ति पर खेर ने कहा- “हाल ही में राहुल गांधी जी का ट्वीट पढ़ा था, जिसमें उन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी पर बोला था। ऐसे में मेरा मानना है कि उन्हें उन लोगों को डांटना चाहिए कि आप लाेग गलत काम कर रहे हो।“

Comments
Post a Comment