60 डॉलर से नीचे आया कच्चे तेल का दाम, सस्ते होंगे पेट्रोल-डीजल
विश्व में कच्चे तेल का दाम लगातार गिर रहा है। इससे देश भर में भी पेट्रोल-डीजल के दामों में और राहत मिलने की संभावना है। कच्चे तेल का दाम 60 डॉलर से नीचे चला गया है।
ओपेक देश करेंगे उत्पादन घटाने की घोषणा
कच्चा तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक ने उत्पादन घटाने का मन बना लिया है। शुक्रवार को कच्चे तेल के दाम में 6 फीसदी की कमी देखने को मिली। ओपेक 6 दिसंबर को उत्पादन घटाने की घोषणा कर सकता है।
58.79 डॉलर हुआ दाम
कच्चे तेल का दाम 58.79 डॉलर हो गया है। अभी नवंबर महीने में इसका दाम करीब 20 फीसदी टूट गया है। 6 दिसंबर से दाम बढ़ेंगे या फिर स्थिर रहेंगे इस बात का पता चलेगा। हालांकि देश भर में भी पेट्रोल के दाम 8 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा कम हो चुके हैं।
2.50 रुपये महंगा डीजल
पेट्रोल की तुलना में डीजल 2.50 रुपये तक महंगा है। गोवा में डीजल की कीमत पेट्रोल से 2 रुपये प्रति लीटर ज्यादा है। वहीं गुजरात, ओडिशा और पोर्ट ब्लेयर में यह अंतर एक रुपये से ज्यादा है। वहीं छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कीमत में मात्र 8 पैसे का अंतर है। यहां पर पेट्रोल 75.20 रुपये और डीजल 75.28 रुपये है। सात साल पहले डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 30 रुपये का अंतर हुआ करता था।
इन महानगरों में भी कम हुआ अंतर
देश के कई बड़े महानगरों में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अब ज्यादा अंतर नहीं रह गया है। दिल्ली में डीजल केवल 5 रुपये सस्ता है। वहीं मुंबई में 7 रुपये, चेन्नई में 4 रुपये, बंगलूरू में 5 रुपये, कोलकाता में 5 रुपये और हैदराबाद में 3.5 रुपये सस्ता है।
नवंबर 2017 में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 11 रुपये का अंतर दिल्ली में और 16 रुपये मुंबई में था। अहमदाबाद और सूरत में डीजल की कीमत पेट्रोल के मुकाबले एक रुपया प्रति लीटर ज्यादा है।

Comments
Post a Comment