चीख ना निकले इसलिए 4 महीने की मासूम बेटी के मुंह में ठूंस दिया था कपड़ा, फिर दबाकर मार डाला
लखनऊ के इंदिरा नगर के रवींद्र नगर कॉलोनी में एक मां ने अपनी चार माह की मासूम बेटी की नाक दबाकर हत्या कर दी। उसके मुंह से चीख न निकले, इसलिए उसने बच्ची के मुंह में रूमाल ठूंस दिया।
हत्या के करीब सवा तीन घंटे बाद मंगलवार की सुबह परिवारीजनों को इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया और मां को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
मूलरूप से गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित महुलियां निवासी चिंता मणि तिवारी ब्लॉक में वरिष्ठ प्रशिक्षक के पद से रिटायर हैं। उनका बेटा व्रजनंदन इंजीनियर है, जिसकी शादी मऊ दोहरीघाट निवासी ओम शरण तिवारी की बेटी शुभ्रा से 2009 में हुई।
कुछ दिन गुजरात में नौकरी करने के बाद व्रजनंदन व शुभ्रा सऊदी चले गए। 2017 में व्रजनंदन लखनऊ लौटे और रवीन्द्रनगर में फ्लैट खरीदकर रहने लगे। व्रजनंदन की मां सोनू तिवारी के मुताबिक, चार महीने पहले बहू शुभ्रा को बेटी अद्विका हुई, जिसकी देखभाल के लिए वे गोरखपुर से लखनऊ आईं थीं।
पुलिस के मुताबिक, शुभ्रा ने बेटी की हत्या रात तीन बजे ही कर दी थी। मासूम की चीख न सुनाई दे इसके लिए मुंह में रूमाल ठूंसा, इसके बाद नाक दबा दी। जब मासूम ने हाथ पैर चलाना बंद कर दिया तो उसने नाक छोड़ी।
प्रभारी निरीक्षक इंदिरानगर अमित कुमार दुबे के मुताबिक, हत्या की सूचना पर अपार्टमेंट में पुलिस पहुंची। वहां चार माह की अद्विता का शव बेड पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
शुभ्रा से परिवारीजनों के सामने पूछताछ की। इसके बाद उसे हवालात में डाल दिया गया। थाने पहुंचे पति ने तहरीर दी, जिस पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
सुबह बहू ने दरवाजा खोला और कहा कि बेटी को मार दिया
सास सोनू के मुताबिक, सोमवार रात को सभी लोग साथ खाना खाए। इसके बाद शुभ्रा अपनी चार महीने की बेटी अद्विता को लेकर कमरे में सोने चली गई। बेटा बाहर ड्राइंगरूम में सोफे पर सो रहा था और वह खुद दूसरे कमरे में थीं। सास के अनुसार, सुबह करीब सवा छह बजे बहू शुभ्रा ने दरवाजा खोला और व्रजनंदन से कहा कि बेटी को मार दिया। बेटी का शव बेड पर पड़ा था। व्रजनंदन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
बेटी होने के बाद अवसाद में रहती थी
सास सोनू तिवारी के मुताबिक, शुभ्रा को जब बेटी पैदा हुई, तभी से वह अवसाद में रहती थी। सास का कहना है कि वह बेटियों और महिलाओं के साथ होने वाली वारदातों को सुनकर परेशान हो जाती। अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर वह काफी चिंतित रहती थी। इसे लेकर वह अवसाद में चली गई। सास का कहना है कि उसका इलाज मुंशीपुलिया स्थित एक होम्योपैथिक चिकित्सक के यहां चल रहा था।
कई बार कह चुकी थी कि मार दूंगी
सास के मुताबिक एबहू शुभ्रा काफी दिनों से अजीब हरकतें करती थी। वह धमकी देती थी कि बेटी को मार देगी। उसकी बातों को परिवारीजनों ने ध्यान नहीं दिया। हम लोगों को लगा कि वह गुस्से में कह रही है। मंगलवार सुबह जब उसने बताया कि बेटी की हत्या कर दी तो हम सब सन्न रह गए। इसके बाद उसकी धमकी याद आई। सास के मुताबिक, शुभ्रा कहती थी कि वह पालन सही नहीं कर पा रही है। इस पर सास ने उसे दूसरे को गोद देने की बात भी कही थी, लेकिन शुभ्रा इस पर नाराज हो गई थी।
ससुर से दामाद ने की बदसुलूकी, गाली गलौज
शुभ्रा के पिता ओमशरण तिवारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे नातिन अद्विता की हत्या की जानकारी हुई। वह बेटी के ससुराल पहुंचे, जहां दामाद वज्रनंदन ने उनसे बदसुलूकी की और अपशब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद वे थाने पहुंचे, जहां उन्हें बेटी के महिला थाने में होने की जानकारी मिली। महिला थाने पहुंचे ससुर से वहीं पर व्रजनंद ने गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध किया तो धमकी दी।
कहीं बेटी होने पर प्रताड़ित तो नहीं की जा रही थी आरोपी मां, इस बिन्दु पर भी जांच
इंदिरानगर के रवींद्र अपार्टमेंट में मां ने चार महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी। इस मामले में पति की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी मां को पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कई बिंदुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है। खासकर की कहीं बेटी होने पर प्रताड़ित होने के बाद तो हत्या नहीं की गई। अगर जांच में यह बात सही पाई गई तो जो भी जिम्मेदार होगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हरेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रांसगोमती

Comments
Post a Comment