हर्षिल में जवानों संग दिवाली मनाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, नेलांग घाटी में होंगे सेना प्रमुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार हर्षिल घाटी में सेना के जवानों संग दिवाली मनाएंगे। वहीं आर्मी चीफ बिपिन रावत भी नेलांग घाटल पहुंचकर आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों में हौंसला भरेंगे। इसके बाद वे हर्षिल भी जाएंगे। पीएम सुबह दस बजे केदारनाथ धाम पहुंचेंगे। इसके बाद वे जवानों संग दिवाली मनाएंगे।
सात नवंबर को पीएम मोदी के केदारनाथ दौरे की तैयारियों की शासन स्तर पर समीक्षा की गई। पीएम मोदी का विमान कल सुबह नौ बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। पीएम मोदी के केदारनाथ दौरे को लेकर मंगलवार को सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर वीआईपी हेलीपैड पर ट्रायल लैडिंग करेगा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए धाम में 11 आईपीएस अधिकारी, 10 सीओ सहित अन्य सुरक्षा जवान पहुंच चुके हैं।
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री के दो घंटे के प्रवास के दौरान धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना के अलावा नव निर्माण का निरीक्षण शामिल है।
मंदिर से कुछ दूरी पर निर्मित एकांतवास गुफा, सौंदर्यीकरण कार्य और नदियों के साथ निर्मित नए यात्री पथ के बारे में पीएम को जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मंदिर के पिछले हिस्से पर होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य के प्लान से भी अवगत करवाया जाएगा। बीते शनिवार को हुई भारी बर्फबारी के चलते केदारपुरी सफेद चादर ओढ़े लकदक है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर को धाम पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्यों का कैसे निरीक्षण व आकलन करेंगे, इसे लेकर चर्चा जोरों पर हैं। भले ही प्रशासन उन स्थानों की बर्फ साफ कराने में जुटा है, जहां पीएम मोदी जा सकते हैं।
स्थिति यह है कि वीआईपी हेलीपैड से मंदिर व संगम तक बर्फ काटकर दो फीट का रास्ता बनाया गया है। इसके अलावा पूरी केदारपुरी ने सफेद चांदी की चादर ओढ़ी है। तेज धूप में यह बर्फ यहां तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों व जवानों के लिए परेशानी का सबब भी बन रही है। इन हालातों में उत्तराखंड शासन, रुद्रप्रयाग प्रशासन व पुलिस के आला अफसरों को चिंता सता रही है कि 7 नवंबर को पीएम मोदी यहां पहुंचकर कैसे पुर्ननिर्माण कार्यो का निरीक्षण करेंगे।




Comments
Post a Comment