शहर में मिले जीका के 44 मरीजों में 93% महिलाएं और बच्चे….
शीतलदास की बगिया घाट पर सोमवार रात हुई फॉगिंग।
बढ़ता संक्रमण पॉजिटिव मरीजों में 8 गर्भवती महिलाएं और 7 बच्चियां, भोपाल में 15 नए पॉजिटिव मरीज मिले
महिलाएं और बच्चे क्यों….. एडीज मच्छर दिन में काटता है और इस वक्त ज्यादातर ये ही घर में रहते हैं
भोपाल में जीका अब तक पॉजिटिव मिले 44 मरीजों में से 93 फीसदी महिलाएं और बच्चे हैं। इन मरीजों में 15 महिलाएं 21 से 30 साल तक की उम्र की हैं, जिनमें 8 गर्भवती हैं। जबकि 20 साल की उम्र तक की 7 लड़कियां और 8 लड़के जीका पॉजिटिव हैं। यह खुलासा एम्स भोपाल से नेशनल वेक्टर बोर्न डिसीज कंट्रोल प्रोग्राम के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अजय बरोनिया को भेजी गई पॉजिटिव मरीजों की डेटा एनालिसिस रिपोर्ट में हुआ है।
इस रिपोर्ट के आधार पर नेशनल हेल्थ मिशन के अफसरों ने भोपाल सीएमएचओ डॉ. सुधीर जैसानी को जीका पॉजिटिव मरीजों में शामिल गर्भवती महिलाओं और बच्चों की सेहत में हो रहे बदलावों की रिपोर्ट हर सप्ताह बनाने के निर्देश दिए हैं। ताकि जीका संक्रमण को रोका जा सके।
अब जीका के 90 मरीज मिले
रिपोर्ट के मुताबिक भोपाल में 12 दिन के भीतर जीका बुखार के लक्षण वाले कुल 90 मरीज मिले हैं, जिनमें 44 के ब्लड सैंपल में जीका वायरस होने की पुष्टि एम्स भोपाल में कराई की जांच में हुई है। इन मरीजों में 33 महिलाएं आैर 11 पुरुष हैं। नेशनल हेल्थ मिशन के एक अफसर ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पॉजिटिव मरीजों में अगर बच्चों और महिलाओं के अलावा केवल 3 पुरुषों को जीका हुआ है, जिनमें 2 मरीज 40 साल से ज्यादा उम्र हैं।
3 दिन में आ रही जांच रिपोर्ट
एम्स के अफसरों ने बताया कि रीजनल वायरोलॉजी लैब में हर रोज जीका बुखार के संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच की जा रही है। रोज औसतन 40 मरीजों के ब्लड सैंपल जांच के लिए जमा हो रहे हैं, जिनकी रिपोर्ट स्टेट वेक्टर बोर्न डिसीज कंट्रोल प्रोग्राम के नोडल अधिकारी को 24 से 72 (तीन दिन) घंटे के भीतर भेजी जा रही है। वायरोलॉजी लैब में संदिग्ध मरीजों की जांच में 7 दिन की बजाय तीन दिन का वक्त लग रहा है।
एडीज मच्छर से खतरा
ज्वाइंट डायरेक्टर वेक्टर बोर्न डिसीज कंट्रोल प्रोग्राम डॉ. अजय बरोनिया ने बताया कि जीका बुखार एडीज मच्छर के काटने से होता है। यह मच्छर दिन में काटता है। दिन के समय अधिकांश घरों में महिलाएं व बच्चे रहते हैं। इस कारण पॉजिटिव मरीजों में महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा है।
15 पॉजिटिव, 30 नए संदिग्ध मरीज
भोपाल में सोमवार को जीका बुखार के 15 नए पॉजिटिव मिले हैं। इससे पॉजिटिव मरीजों की संख्या 29 से बढ़कर 44 हो गई है। इसके अलावा 30 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं, सभी के ब्लड सेंपल जांच के लिए एम्स स्थित रीजनल वायरोलॉजी लैब भेजे गए हैं।
21 से 30 साल की हैं महिलाएं
शहर में मिले जीका पॉजिटिव मरीजों में 8 गर्भवती महिलाएं हैं। इनकी उम्र 21 से 30 साल के बीच है। एनएचएम अफसरों के मुताबिक जीका बुखार का संक्रमण गर्भवती महिलाओं और बच्चों को ज्यादा होता है।
किस आयु वर्ग के कितने मरीज
आयु वर्ग पुरुष महिला कुल
0 -10 3 3 6
11- 20 5 4 9
21 - 30 0 15 15
31 - 40 1 6 7
(स्रोत : एम्स की वायरोलॉजी लैब की डेटा शीट)

Comments
Post a Comment