जन्मदिन- विराट कोहली 30 साल के हुए, शादी के बाद पहली बार पत्नी के साथ बर्थडे मनाएंगे
जन्मदिन मनाने के लिए उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल पहुंचे विराट-अनुष्का
शादी के बाद विराट ने 31 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, इनमें उन्होंने 10 शतक लगाए
खेल डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का आज जन्मदिन है। पांच नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्में विराट 30 साल के हो गए। अनुष्का शर्मा के साथ शादी के बाद यह उनका पहला जन्मदिन है। पिछले साल 11 दिसंबर को इटली में विराट और अनुष्का की शादी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट पत्नी के साथ अपना पहला जन्मदिन उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्र नगर में मनाएंगे। जन्मदिन मनाने के बाद वे दीपावली के दिन मुंबई लौट जाएंगे।
विराट को प्रभावित करते हैं प्राकृतिक नजारे
खबरों के मुताबिक, विराट पत्नी अनुष्का के आध्यात्मिक गुरु के आश्रम भी जाएंगे। बता दें कि विराट को प्राकृतिक नजारे काफी प्रभावित करते हैं। केरल के तिरुवनंतपुरम में हुए आखिरी वनडे के दौरान भी यह बात सामने आई थी। तब उन्होंने केरल की बहुत तारीफ की थी और लोगों से वहां कम से कम एक बार घूमने आने का आग्रह किया था। उत्तराखंड भी अपनी हरियाली और खुशनुमा मौसम के लिए विख्यात है। शायद यही वजह है कि इस दंपती ने इस शहर को चुना।
ट्विटर पर लगा बधाइयों का तांता
विराट के जन्मदिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), सचिन तेंडुलकर, वीरेंद्र सहवाग, विनोद कांबली, मोहम्मद शमी, मोहम्मद कैफ, रविंद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा, सुरेश रैना, वीवीएस लक्ष्मण, प्रज्ञान ओझा, केदार जाधव, समेत कई हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।











Comments
Post a Comment